पत्नी की मौत के बाद गुस्साए पति ने अस्पताल स्टाफ पर हमले की कोशिश की
हाथीपोल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया
उदयपुर 22 अप्रैल 2026। शहर के एमबी हॉस्पिटल में मंगलवार देर रात एक युवक द्वारा रेजिडेंट डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ पर सरिए से हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना रात करीब 12:30 बजे मेडिकल इमरजेंसी ICU में हुई।
जानकारी के अनुसार इलाज के दौरान एक महिला मरीज की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए पति ने सरिया उठाकर ड्यूटी पर तैनात स्टाफ पर हमला करने का प्रयास किया, हालांकि समय रहते उसे रोक लिया गया। सूचना मिलने पर हाथीपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
बताया जा रहा है कि अजमेर निवासी 20 वर्षीय महिला गुलन बेरी सिंड्रोम से पीड़ित थी और 8 अप्रैल से वेंटिलेटर पर भर्ती थी। सोमवार शाम से ही उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने उसे बचाने के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन आधी रात के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और रात 12:30 बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। पति ने सरिया उठाकर स्टाफ पर हमला करने की कोशिश की। घटना के बाद RNT मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राहुल जैन भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पीड़ित डॉक्टर डॉ. हंसराज ने अधीक्षक डॉ. सुमन को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों में भारी नाराजगी है। उदयपुर रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. दीपेंद्र सेठिया ने कहा कि महिला चिकित्सकों सहित पूरा स्टाफ दिन-रात सेवा में लगा रहता है, ऐसे में इस तरह की घटनाएं उनका मनोबल तोड़ती हैं। उन्होंने अस्पताल परिसर में 24 घंटे पुलिस गश्त और सख्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
#UdaipurNews #RajasthanNews #MBHospital #DoctorSafety #HospitalViolence #BreakingNews #HealthcareWorkers #UdaipurCrime #Hathipol #MedicalEmergency #IndiaNews #LocalNewsUdaipu
