सड़क पर मिले मृत पशु के अवशेष, प्रथम दृष्टया गौवंश नहीं

पुलिस ने अफवाहों से दूर रहने की अपील की

 | 

उदयपुर 25 अगस्त 2025। गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में रविवार रात सड़क पर मृत पशु के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में पाया गया कि अवशेष गौवंश के नहीं हैं।

घटना रविवार रात करीब 10:30 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि पारस चौराहा से बलिचा मार्ग पर ऑडी शोरूम के पास सड़क पर मृत पशु के अवशेष बिखरे पड़े हैं। मौके पर पहुंचकर थानाधिकारी दिलीप सिंह झाला और टीम ने स्थिति का जायजा लिया।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि अवशेष गौवंश के हो सकते हैं। लेकिन जांच में सामने आया कि कचरा परिवहन करने वाला एक वाहन तेज गति से स्पीड ब्रेकर पार करते समय डगमगा गया, जिससे उसमें रखे मृत पशुओं के अवशेष से भरे 4–5 कट्टे सड़क पर गिर गए और फैल गए।

नगर निगम कर्मचारियों की मदद से अवशेषों को पुनः कट्टों में भरकर सुरक्षित रखवाया गया। साथ ही भीड़ को हटाकर यातायात को सुचारू किया गया।

मौके पर पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक सुरेश जैन और नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा अपनी टीम के साथ पहुंचे और अवशेषों की गहन जांच की। प्रथम दृष्टया यह गौवंश के अवशेष नहीं पाए गए। विस्तृत जांच के लिए नमूने अलग से सुरक्षित किए गए हैं।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अफवाह फैलाने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

#UdaipurNews #BreakingNews #UdaipurUpdate #RajasthanNews #UdaipurPolice #FactCheck #NewsUpdate #UdaipurToday #TrendingNews #UdaipurLive

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News