आबकारी निरोधक टीम की सवीना, नाथद्वारा एवं खेमली में कार्यवाही

सघन चैकिंग व नाकाबंदी - बडी मात्रा में अवैध शराब की बरामदगी

 | 
excise dept

उदयपुर 14 जुलाई 2025 । आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर अंकुश लगाने हेतु जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत आबकारी निरोधक टीम द्वारा सघन चैंकिग व नाकाबंदी के तहत 3 अलग-अलग कार्यवाही में बडी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। 

उदयपुर के सवीना में रिहायशी मकान से 300 पेटी अनुमानित 10 लाख रूपए की अवैध शराब सहित नाथद्वारा के होटल राजमहल के परिसर में पिकअप वाहन से 135 पेटी एवं खेमली में रिहायशी मकान के परिसर में वाहन से 13 पेटी अवैध शराब बरामद की करते हुए नियमानुसार अभियोग दर्ज किया गया।

आबकारी आयुक्त के अनुसार अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोक के लिए अतिरिक्त आबकारी आयुक्त योजना प्रदीप सिंह सांगावत, अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रशासन ओपी जैन के निर्देशन में अन्य राज्य की प्रतिबंधित शराब पर सस्ती शराब के होलोग्राम स्टीकर व राजस्थान में बिक्री योग्य शराब के नकली लेबल लगी शराब उदयपुर व अन्य स्थानों पर सप्लाई की पुख्ता सूचना मिलने पर जिला आबकारी अधिकारी आदराम दहिया, उपायुक्त प्रद्युम्न सिंह चुण्डावत के नेतृत्व में 2 टीमों का गठन कर नाकाबंदी व सघन चैकिंग की गई। 

नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों के राजसमंद की तरफ जाने की सूचना पर उक्त वाहनों का पीछा किया गया और जिला आबकारी अधिकारी राजसमन्द लोकेश जोशी से सूचना साझा कर उदयपुर व राजसमंद की संयुक्त टीम द्वारा नाथद्वारा में होटल राजमहल के परिसर में एक पिकअप वाहन से 135 पेटी विभिन्न ब्रांड की अवैध शराब को जब्त किया गया।

नाथद्वारा की कार्यवाही से मिले इनपुट के आधार पर मावली के खेमली क्षेत्र में एक रिहायशी मकान में खडे़ वाहन में शराब तस्करी के लिए बनाए गए विशेष केबिन से 13 पेटी अन्य राज्य में बिक्री योग्य अवैध शराब बरामद की गई। उक्त कार्यवाही में आबकारी निरीक्षक तेजराज सिंह, प्रहराधिकारी देशराज शामिल रहे।

इसी क्रम में आबकारी निरोधक दल की टीम द्वारा विश्वसनीय सूचना के आधार पर उदयपुर के सवीना क्षेत्र में एक रिहायशी मकान से 25 कार्टन विभिन्न ब्रांड की अवैध शराब सीज की गई जिसकी अनुमानित लागत 10 लाख रूपए है। कार्यवाही के तहत रेड लेबल व्हीस्की की 120 बोतल, एब्सोल्यूट वोटका की 96 बोतल, वेलेंटाईन व्हीस्की की 84 बोतल सहित कुल 300 बोतल अंग्रेजी शराब अन्य राज्य में बिक्री योग्य बिना होलोग्राम की विदेशी मदिरा बरामद की गई। मौके पर फरार अभियुक्त मोहसिन मोहम्मद के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया। उक्त समस्त कार्यवाही में आबाकारी निरीक्षक शकुंतला जैन, आबकारी निरीक्षक मुरलीधर सौदा, नरेश सुहैल, प्रहराधिकारी दौलत सिंह शामिल रहे।