उदयपुर में असामाजिक तत्वों ने मनवाखेड़ा में प्रतिमा से की तोड़फोड़
Udaipur Times, Crime News: उदयपुर के मनवाखेड़ा गांव स्थित शिव मंदिर में बीती रात असामाजिक तत्वों ने पार्वती माता की प्रतिमा को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ कर दी। सुबह मंदिर पहुंचे ग्रामीणों को जब घटना की जानकारी हुई तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखने को मिला।
ग्रामीण विष्णु पटेल ने बताया कि मंदिर में पार्वती माता की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ की गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से ग्रामीणों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मंदिरों को निशाना बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं और अब धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाया जा रहा है। ऐसे में समय रहते आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करना जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
घटना की सूचना मिलते ही हिरणमगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का मौका मुआयना किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
