शादी समारोह में हथियारबंद युवकों का हमला
उदयपुर 4 अप्रैल 2026। शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र स्थित सज्जन नगर के ग्रेस लैंडमार्क गार्डन में चल रहे एक वैवाहिक समारोह में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 10 से 12 हथियारबंद युवक अचानक समारोह में घुस आए।
आरोपियों ने वहां मौजूद मेहमानों पर हमला कर दहशत फैला दी। इस दौरान सज्जन नगर निवासी अयान पुत्र आरिफ हुसैन को घेरकर चाकू और तलवार से प्राणघातक वार किए गए, जिससे उसके पीठ और हाथ पर गंभीर चोटें आईं।
हालत इतनी गंभीर रही कि इलाज के दौरान शरीर में धंसा चाकू तुरंत नहीं निकाला जा सका। बीच-बचाव करने आए कुछ अन्य लोग भी चोटिल हो गए।
घायल अयान ने बताया कि क्षेत्र के कुछ युवक गैंग बनाकर लोगों को लगातार डराने-धमकाने का काम करते हैं। सूचना मिलते ही अंबामाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को महाराणा भूपाल चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
