मूर्ति पूजा पर विवादित पर्चे फेंकने वाला आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार
उदयपुर 8 नवंबर 2025। डबोक थाना पुलिस ने मूर्ति पूजा और हिंदू धर्म के खिलाफ विवादित पर्चे फेंकने के मामले में मुख्य आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी डेनियल ओल्टीनो उर्फ ए. ओल्टीनो (57) मूल रूप से रायकट पाड़ा थाना कोतवाली जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल) का रहने वाला है।
24 सितंबर 2025 को डबोक चौहारा स्थित ज्वैलर्स के शटर के नीचे ईसाई धर्म से जुड़ा पर्चा मिला था, जिसमें हिंदू धर्म और मूर्ति पूजा पर आपत्तिजनक टिप्पणी लिखी हुई थी। शिकायत पर पुलिस ने धारा 207/2025 एवं 299 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी 17 सितंबर 2025 को अपनी पत्नी के साथ सालगिरह मनाने के लिए उदयपुर आया था और 21 से 22 सितंबर के बीच उसने करीब 10 साल पुराने पर्चे डबोक क्षेत्र में फैला दिए थे। पूछताछ में उसने स्वयं को ईसाई धर्म का प्रचारक बताया और स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को धर्म संबंधी ज्ञान देने की बात स्वीकार की।
आरोपी को पश्चिम बंगाल से पकड़कर उदयपुर लाया और गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा फेंके गए पर्चों में हिंदू धर्म और मूर्ति पूजा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां मिलने पर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस आरोपी के नेटवर्क और पर्चों के स्रोत की आगे जांच कर रही है।
#DabokPolice #UdaipurNews #RajasthanPolice #WestBengalArrest #IdolWorship #Hinduism #ControversialPamphlets #CrimeNews #UdaipurLive #RajasthanUpdates
