अरिहन्त नर्सिंग कॉलेज में तोड़फोड़ के 12 आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर 29 सितंबर 2025। शहर की हाथीपोल थाना पुलिस ने अरिहन्त कॉलेज ऑफ नर्सिंग में जेसीबी मशीन से की गई तोड़फोड़ के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामला 27 सितंबर 2025 का है, जब प्रार्थी मयंक कोठारी, निदेशक अरिहन्त नर्सिंग कॉलेज ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अमेरिकन इंटरनेशनल हेल्थ केयर हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. कीर्ति जैन ने 30 से 40 लोगों की मदद से कॉलेज में जबरन कब्जे की नीयत से तोड़फोड़ करवाई। रिपोर्ट में बताया गया कि कॉलेज के 6-7 कमरों को जेसीबी मशीन से क्षतिग्रस्त किया गया और इस घटना से लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला संख्या 121/2024 विभिन्न धाराओं में दर्ज कर जांच शुरू की। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और वृताधिकारी नगर पश्चिम कैलाश चन्द्र के सुपरविजन में थानाधिकारी हाथीपोल योगेन्द्र कुमार व्यास और उनकी टीम ने तकनीकी सहयोग व आसूचना के आधार पर आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ की और उसके बाद गिरफ्तार किया। सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में बिहार और मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी शामिल हैं। इनमें मिथिलेश, सोनू सिंह, पूरण सिंह, माखन, भगवान, कमलेश, दलु सिंह, राजेश, प्रमोद सिंह, लखन, शनोज कुमार और गोविंद के नाम सामने आए हैं।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
