कुराबड़ की ज्वेलरी शॉप में चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 6 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद 

 | 

उदयपुर 27 अप्रैल 2026। ज़िले के कुराबड़ थाना पुलिस ने मोहित ज्वेलर्स में हुई चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 6 किलोग्राम चांदी के आभूषण और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 57.800 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए जा चुके थे। अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ 63.800 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए जा चुके हैं।

ज़िला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन द्वारा वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय गोपाल स्वरूप मेवाड़ा तथा पुलिस उप अधीक्षक वृत गिर्वा गोपाल चंदेल के सुपरविजन में कार्रवाई की गई।

कुराबड़ थानाधिकारी तेजु सिंह और उनकी टीम ने आसूचना व तकनीकी सहयोग के आधार पर प्रकरण संख्या 53/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में वांछित दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामचन्द्र पुत्र काना, उम्र 42 वर्ष, निवासी देव डूंगरी, बिजयपुर जिला चित्तौड़गढ़ तथा अर्जुन पुत्र रमेश, उम्र 24 वर्ष, निवासी दुधी तलाई, बिजयपुर जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार 15 मार्च 2026 को परिवादी अशोक सोनी ने रिपोर्ट दी थी कि 14 मार्च की रात कुराबड़ स्थित उनकी दुकान मोहित ज्वेलर्स का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए थे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News