तीस लाख की नकबजनी मामले का दस हजार का इनामी टॉप टेन अपराधी गिरफ्तार

मामले में पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है  
 | 
jhadol police station

उदयपुर 14 अगस्त 2025। झाड़ोल थाना पुलिस ने करीब तीस लाख रुपए की नकबजनी के मामले में वांछित और दस हजार रुपए के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पुलिस की टॉप टेन अपराधियों की सूची में शामिल था।

14 जून 2024 को गोराणा निवासी दशरथसिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 13 जून की रात अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और 1.25 लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए। उसी रात पड़ोसी राजकुमार के घर से तीन मोबाइल और लखालाल डुंगरी के घर से एक मोबाइल चोरी हुआ था। इस मामले में झाड़ोल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी और पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था।

शेष फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस ने आसूचना और तकनीकी सहयोग से 13 अगस्त 2025 को आरोपी भीखाराम को पाली जिले के नाणा थाना क्षेत्र के चिंगटाभाटा जंगल से डिटेन कर गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी पर जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर द्वारा दस हजार रुपए का इनाम घोषित था।

गिरफ्तार आरोपी भीखाराम पुत्र भीमाराम निवासी चिंगटाभाटा नाणा पाली है। पुलिस का कहना है कि उससे और भी चोरी की वारदातों के खुलासे की संभावना है। मामले में आगे की जांच जारी है।