डूंगरपुर में ASI और दलाल एक लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार
डूंगरपुर 6 मई 2026 । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने डूंगरपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक उप निरीक्षक (ASI) और एक दलाल को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दलाल की पहचान डायालाल पाटीदार (पूर्व पार्षद) के रूप में हुई है, जबकि ASI मदनलाल साइबर पुलिस थाना डूंगरपुर में पदस्थ है।
ACB के अनुसार शिकायत मिली थी कि ASI मदनलाल ने एक परिवादी को डराया कि उसके, उसकी बेटी और दामाद के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला बनता है और उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। आरोप है कि मामले में मदद करने और बेटी-दामाद का नाम हटाने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद 5 मई 2026 को ACB की टीम ने जाल बिछाया। जांच में सामने आया कि दलाल डायालाल पाटीदार के माध्यम से ASI मदनलाल ने एक लाख रुपये लेने की सहमति दी थी।
उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन में पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए दलाल डायालाल पाटीदार को ASI के लिए एक लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही ASI मदनलाल को भी गिरफ्तार किया गया।
ACB के वरिष्ठ अधिकारियों के सुपरविजन में दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
#DungarpurNews #RajasthanNews #ACBAction #BriberyCase #CorruptionFreeIndia #PoliceCorruption #UdaipurNews #SouthRajasthan #BreakingNews #LocalNewsRajasthan #CyberCrimePolice #ACBTrap
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
