उदयपुर में युवक के साथ मारपीट और जानलेवा हमला
Udaipur Times, Crime News: शहर में एक युवक के साथ मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार, फरदीन खान को चार लोग बहला-फुसलाकर सेवाश्रम की ओर ले गए। आरोप है कि वहां उसका नाम पूछने के बाद उसके साथ मारपीट की गई और सिर पर पत्थर से हमला किया गया।
हमले के बाद फरदीन खान किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला। आयड निवासी पीड़ित की मां महरून निशा ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि उनके बेटे की जान को खतरा है और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
महरून निशा ने बताया कि वह एक गरीब परिवार से हैं। उनके पति और एक बेटे का पहले ही निधन हो चुका है। अब फरदीन खान ही उनका सहारा है। उनका कहना है कि यदि उनके बेटे के साथ कोई अनहोनी होती है तो उनके पास कोई सहारा नहीं बचेगा। उन्होंने प्रशासन से अपने बेटे की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। यह समाचार पीड़ित पक्ष के आरोपों और शिकायत पर आधारित है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। जांच पूरी होने और पुलिस की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही घटना के सभी तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।
