उदयपुर में नशा तस्करी की कमाई से बनी 64 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज

भींडर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
 
 | 
Action on Drug Smuggling

 

Udaipur Times, Crime News: 3 जुलाई 2026। भींडर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों की काली कमाई पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 64 लाख रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज करवाई है। कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68 एफ (1) के तहत की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल, वृत्ताधिकारी वल्लभनगर श्रवण दास संत और थानाधिकारी भींडर मुकेशचंद्र के नेतृत्व में टीम ने हिस्ट्रीशीटर एवं मादक पदार्थ तस्कर जगदीश उर्फ जम्मा निवासी नारायणपुरा की अवैध संपत्ति को चिन्हित किया।

पुलिस ने जगदीश उर्फ जम्मा के नाम पर बने करीब 38.89 लाख रुपये के मकान तथा लक्ष्मण लाल उर्फ लक्की उर्फ लक्ष्मीलाल की पत्नी नारायणी बाई के नाम खरीदी गई भूमि पर बने करीब 25.19 लाख रुपये के मकान को फ्रीज किया। दोनों संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 64 लाख रुपये बताया गया है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्ति की जांच, उपलब्ध साक्ष्यों, वित्तीय विश्लेषण, स्थानीय सत्यापन तथा एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों के आधार पर की गई। कार्रवाई से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज और संपत्ति का विवरण सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली को भेज दिया गया है, जहां नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी जगदीश उर्फ जम्मा के विरुद्ध राजस्थान, हरियाणा और अन्य राज्यों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अफीम डोडा चूरा की तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों की अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News