अवैध गांजे की खेती पर प्रहार, उदयपुर पुलिस का ‘गांजा मुक्त मेवाड़’ अभियान

गुजरात पुलिस के साथ बनाई संयुक्त रणनीति
 | 
Udaipur Police

 

Udaipur Times News, Police Action उदयपुर। अवैध गांजे की खेती, उत्पादन और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए उदयपुर पुलिस ने ‘गांजा मुक्त मेवाड़’ अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत अवैध खेती को नष्ट करने के साथ तस्करों की संपत्ति जब्ती और पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की जाएगी। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए उदयपुर और गुजरात के बनासकांठा पुलिस के बीच संयुक्त रणनीति भी बनाई गई है।

पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशों और जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन की पहल पर दुर्गम पहाड़ी व आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में अवैध गांजे की खेती, उत्पादन और परिवहन को जड़ से समाप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक एनडीपीएस एक्ट के 7 प्रकरण दर्ज कर 1,187 किलो 490 ग्राम गांजे की फसल जब्त की गई है। Udaipur News

 कोटड़ा में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेल शर्मा की अध्यक्षता में कोटड़ा पंचायत भवन में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उदयपुर जिले के सीमावर्ती थाना क्षेत्रों कोटड़ा, मांडवा, पानरवा, बेकरिया, झाड़ोल, ओगणा और फलासिया के पुलिस अधिकारियों के साथ गुजरात के बनासकांठा जिले के पुलिस अधिकारी, एनसीबी, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, प्रशासन, राजस्व और वन विभाग के अधिकारी शामिल हुए। Drive against Drug Smugglers 

बैठक में दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों को अवैध गांजे की खेती और तस्करी से मुक्त करने के लिए संयुक्त कार्रवाई की रणनीति तैयार की गई।

 ड्रोन और सैटेलाइट से होगी दुर्गम क्षेत्रों की निगरानी

बैठक में निर्णय लिया गया कि दुर्गम पहाड़ी, जंगल और सुनसान इलाकों में छिपी गांजे की खेती का पता लगाने के लिए ड्रोन और सैटेलाइट इमेजरी से सर्वे कराया जाएगा। अवैध खेती के हॉटस्पॉट चिन्हित कर वन और राजस्व विभाग के सहयोग से फसल नष्ट की जाएगी। राजस्थान काश्तकारी अधिनियम 1955 की धारा 177 के तहत जमीन से बेदखली की कार्रवाई भी की जाएगी। Udaipur Police 

दोनों जिलों के बीच अवैध खेती और तस्करी में शामिल लोगों की सूचनाओं का आदान-प्रदान करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। गांजे के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले प्रमुख और वैकल्पिक मार्गों पर नाकाबंदी, संयुक्त पुलिस गश्त और आकस्मिक दबिश दी जाएगी।

 तस्करों की संपत्ति भी होगी जब्त

अभियान के तहत केवल खेती करने वालों तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गांजे के पूरे नेटवर्क और अवैध संपत्ति पर भी कार्रवाई की जाएगी। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत तस्करों की अवैध संपत्ति जब्त करने के प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। आरोपियों के वित्तीय लेन-देन की जांच कर सप्लायर से लेकर अंतिम खरीदार तक नेटवर्क को ध्वस्त करने की रणनीति बनाई गई है।

अब तक 7 प्रकरण, 1,187 किलो गांजे की फसल जब्त

पुलिस के अनुसार, मांडवा थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अब तक 7 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 1,175 किलो 640 ग्राम अवैध गांजे की फसल और 11 किलो 850 ग्राम सूखा गांजा जब्त किया गया है। कुल जब्ती 1,187 किलो 490 ग्राम है।

दर्ज प्रकरणों में शामिल हैं:
194.800 किलोग्राम गांजे की फसल जब्त।
 242.240 किलोग्राम गांजे की फसल जब्त।
59.330 किलोग्राम गांजे की फसल जब्त।
 432.180 किलोग्राम गांजे की फसल जब्त।
 104.790 किलोग्राम गांजे की फसल जब्त।
17 नवंबर को 11.850 किलोग्राम सूखा गांजा और 36.440 किलोग्राम गांजे की फसल जब्त।
17 नवंबर को 105.860 किलोग्राम गांजे की फसल जब्त।

 ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ अभियान भी चलेगा

पुलिस ग्रामीण क्षेत्रों में सीएलजी बैठक, जनप्रतिनिधियों, ग्राम सुरक्षा समितियों और स्कूल-कॉलेजों के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चलाएगी। ग्रामीणों को गांजे की खेती और तस्करी के कानूनी परिणामों के बारे में बताया जाएगा। एनडीपीएस एक्ट के तहत गांजे की खेती और तस्करी पर 10 वर्ष या उससे अधिक का कठोर कारावास और 2 लाख रुपए तक जुर्माने का प्रावधान होने की जानकारी भी दी जाएगी।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने संदेश दिया कि उदयपुर पुलिस भौगोलिक और सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की खेती व तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। आमजन से भी इस अभियान में सहयोग करने और अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News