उदयपुर में ATM तोड़ने की कोशिश

20 मिनट तक सरिए से मारता रहा बदमाश, विफल होकर लौट गया खाली हाथ
 | 

उदयपुर 2 दिसंबर 2025। ज़िले में बीती रात (सोमवार) एटीएम तोड़ने की कोशिश का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक नकाबपोश बदमाश करीब 20 मिनट तक लोहे के सरिए से एटीएम को तोड़ने की कोशिश करता रहा, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर खाली हाथ ही वापस लौट गया। पूरी घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

यह घटना डबोक थाना क्षेत्र के सांगवा मार्ग स्थित हिताची कंपनी के एटीएम पर हुई। सुबह जब एक व्यक्ति पैसे निकालने पहुंचा तो एटीएम को क्षतिग्रस्त देख चौंक गया। उसकी जानकारी देने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत डबोक थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और एटीएम की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मामले की जांच कर रहे रीको चौकी प्रभारी हेड कॉन्स्टेबल रतनलाल जाट ने बताया कि घटना रात करीब 1:15 बजे की है। वे भी रात लगभग 2:30 बजे गश्त के दौरान एटीएम के पास से गुजरे और क्षतिग्रस्त एटीएम को देखकर रुक गए। एटीएम की तस्वीरें खींचकर उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया। उन्होंने बताया कि सभी बैंकों और कंपनियों को नोटिस दिया जा चुका है कि यदि वे रात 10 बजे के बाद एटीएम खुले रखते हैं तो हथियारबंद गार्ड की व्यवस्था अनिवार्य है, लेकिन यहां किसी गार्ड की नियुक्ति नहीं की गई थी। जबकि आसपास के अन्य तीन बैंक एटीएम रात 10 बजे के बाद बंद हो जाते हैं।

एटीएम फ्रेंचाइजी धारक श्यामलाल डांगी ने बताया कि हिताची कंपनी ने गार्ड लगाने को लेकर कोई निर्देश नहीं दिए थे और उनकी आर्थिक बचत भी इससे प्रभावित होती है। गार्ड की व्यवस्था उन्हें अपने खर्चे पर करनी पड़ती, इसलिए उन्होंने इसे नहीं रखा था। उन्होंने कहा कि अब एटीएम रात 10 बजे के बाद बंद रखा जाएगा और रातभर नहीं खुलेगा। घटना की शिकायत थाने में दर्ज करा दी गई है।

#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #Dabok #SangwaRoad #CrimeNews #ATMSecurity #UdaipurUpdates #RajasthanCrime #UdaipurPolice #LocalNewsRajasthan