उदयपुर में मस्जिद में हथियारबंद बदमाशों द्वारा घुसने की कोशिश
उदयपुर 20 नवंबर 2025 - शहर के हिंदुस्तान जिंक क्षेत्र स्थित उदयसागर रोड पर मस्जिद में देर रात तीन अज्ञात हथियारबंद बदमाशों द्वारा घुसने की कोशिश का मामला सामने आया है।
घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। मस्जिद कमेटी ने इसे बेहद गंभीर सुरक्षा उल्लंघन बताते हुए तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी अनुसार, बीते बुधवार की रात लगभग 2 बजे तीन युवक मस्जिद के मुख्य गेट तक पहुंचे।
फुटेज में साफ़ दिखाई देता है कि उनके हाथों में हथियार जैसे किसी लोहे की रॉड या अन्य धारदार वस्तुएं थीं। बदमाशों ने पहले मस्जिद के मुख्य गेट को जोर-जबरदस्ती से तोड़ने की कोशिश की। कुछ ही सेकंड बाद उनकी नजर पास लगे सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी।
कैमरे द्वारा उनकी गतिविधि रिकॉर्ड होते देख एक बदमाश आगे बढ़ा और कैमरा तोड़ दिया। इसके बाद तीनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए मस्जिद कमेटी के सदस्यों ने सुबह फुटेज की जांच करते ही मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी।
कमेटी ने कहा कि “धार्मिक स्थल पर इस तरह की वारदात बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी तरह की घटना का मकसद क्या था, यह पुलिस ही बताएगी, लेकिन यह अत्यंत चिंताजनक है।”
कमेटी सदस्यों ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाने, रात को गश्त में इजाफा करने की मांग भी उठाई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिया। बदमाशों के हुलिए, उनकी चाल-ढाल और वारदात के समय के आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी निकाली जाएगी, ताकि बदमाशों के भागने के रास्तों का पता चल सके।
