उदयपुर में महिला से मोबाइल लूट का प्रयास CCTV में कैद
Udaipur Times, Crime News: 6 जुलाई 2026। उदयपुर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र में देर रात एक महिला से मोबाइल लूट का प्रयास किया गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें बाइक सवार बदमाश महिला का मोबाइल छीनने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है।
घटना 4 जून की रात करीब 11:15 बजे सेक्टर-8 स्थित संजीव नगर की है। जानकारी के अनुसार महिला खुशबू मोहल्ले में पैदल घूमते हुए अपने मोबाइल पर कुछ देख रही थी। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आए बाइक सवार युवक ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीनने का प्रयास किया।
हालांकि बदमाश का हाथ मोबाइल पर पूरी तरह नहीं लग सका और झपट्टे के दौरान मोबाइल नीचे गिर गया। महिला ने तुरंत मोबाइल उठा लिया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले महिला को मोबाइल चलाते हुए देख चुका था। वह कुछ दूरी तक आगे जाने के बाद वापस लौटा और वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।
महिला ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें पूरी घटना कैद मिली। घटना की जानकारी फैलने के बाद कॉलोनीवासियों में भय का माहौल है।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।
