उदयपुर में चालू बिजली डीपी से तेल चोरी की कोशिश, ग्रामीणों की सतर्कता से भागे

 | 
crime

 

Udaipur Times, Crime News: डबोक थाना क्षेत्र के दरौली गांव में बुधवार देर रात बिजली की चालू डीपी से तेल चोरी करने पहुंचे छह बदमाश ग्रामीणों की सतर्कता के चलते वारदात को अंजाम दिए बिना भाग गए। बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर आए थे और उनके पास चोरी के लिए पाना, पिलास, रस्सी सहित लोहे के अन्य औजार भी थे।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 1 बजे छह बदमाश दरौली गांव में बिजली की चालू डीपी के पास पहुंचे। बदमाशों ने एक डीपी से तेल चोरी करने में सफलता हासिल कर ली, जबकि दूसरी डीपी से तेल चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान करीब आधे घंटे तक बिजली नहीं आने पर ग्रामीण डीपी के पास पहुंचे।

ग्रामीणों को आता देख बदमाशों ने उन्हें दूर से ही देख लिया और मौके से भागने लगे। ग्रामीणों ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे।

बदमाश अपने साथ लाए पाना, पिलास, रस्सी और लोहे के अन्य औजार मौके पर ही छोड़ गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सामान को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी।

घटना के दौरान पूरी रात बिजली गुल रहने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त डीपी की मरम्मत का काम शुरू किया।

पुलिस अब मौके पर मिले औजारों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News