वल्लभनगर में मंदिर में चोरी का प्रयास
उदयपुर 6 नवंबर 2025 - जिले के वल्लभनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात दो मंदिरों में चोरी होने का मामला सामने आया। नवाणिया गांव स्थित हनुमान मंदिर में चोरों ने धावा बोला और दानपेटी का ताला तोड़कर नकदी उड़ा ले गए। इसी गांव के जगदीश मंदिर में भी बदमाश ने चोरी का प्रयास किया, लेकिन असफल रहा। फिलहाल पुलिस चोर की तलाश में जुटी है।
सूत्रों के अनुसार, हनुमान मंदिर और जगदीश मंदिर दोनों में चोरी की कोशिश की गई। हनुमान मंदिर की दानपेटी से नकदी गायब मिली, जबकि जगदीश मंदिर में चोरी की नीयत से घुसा बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि नकाबपोश बदमाश रात 2:21 बजे जगदीश मंदिर में प्रवेश करता है। उसके हाथ में लोहे का हथियार भी था। करीब एक मिनट बाद वह बाहर निकलकर फिर लौटता है। दानपेटी का ताला तोड़ने का प्रयास करने पर ताला नहीं टूटा, जिससे मंदिर में चोरी होने से बच गई और बदमाश वारदात को अंजाम देने में नाकाम रहा। इसके बाद वह 2:29 बजे मंदिर से बाहर निकल जाता है और 2:41 बजे अपनी बाइक पर फरार हो जाता है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी को दानपेटी से छेड़छाड़ की आशंका हुई। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर चोरी का प्रयास सामने आया।
पुजारी ने तुरंत वल्लभनगर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। हेड कांस्टेबल जगदीश प्रसाद ने बताया कि सीसीटीवी में एक अज्ञात व्यक्ति की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं, जिसके आधार पर तलाश जारी है। वल्लभनगर थानाधिकारी दिनेश पाटीदार ने बताया कि दोनों मंदिरों में चोरी का प्रयास हुआ है। हनुमान मंदिर की दानपेटी से कुछ सिक्के गायब हैं।
दोनों ही मामलों में एक ही चोर होने की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि इसी थाना क्षेत्र के शीतला माता मंदिर में दो माह पहले हुई चोरी का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। उस घटना में चोर करीब 45 लाख रुपए के सोना-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए थे, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन भी किया था। पुलिस अभी तक चोरों को पकड़ने में नाकाम है।
