प्रतिबंधित Spas-Trascen-Plus कैप्सूल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर 3 सितंबर 2025। ज़िले के खेरवाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही करते हुए 480 नग प्रतिबंधित SPAS-TRASCEN-PLUS कैप्सूल्स जब्त किए हैं। पुलिस ने इस मामले में प्रयुक्त ईको कार सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ NDPS एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है।
एसपी योगेश गोयल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल और वृत्ताधिकारी ऋषभदेव राजीव राहर के सुपरविजन में, थानाधिकारी दलपत सिंह राठौड़ के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, 2 सितंबर को पुलिस टीम गश्त के दौरान पोगरा से मोथली रोड पर पहुंची, जहां सफेद रंग की ईको कार (जीजे 01 एफटी 4223) में सवार दो युवकों ने कार भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने करीब 200 मीटर पीछा कर कार को रुकवाया और दोनों व्यक्तियों की पहचान सुनील कुमार पुत्र वक्सीराम ननोमा मीणा निवासी पोगरा कला तथा अशोक कुमार पुत्र बंशीलाल डामोर मीणा निवासी मोथली महुडा फला, खेरवाड़ा के रूप में की।
वाहन की तलाशी में सामने की सीटों के बीच अधिक मात्रा में कैप्सूल्स बरामद हुए। गिनती करने पर 480 नग SPAS-TRASCEN-PLUS कैप्सूल्स (कुल वजन 288 ग्राम) मिले, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने इनके परिवहन या भंडारण के लिए कोई लाइसेंस या परमिट नहीं दिखाया।
पुलिस ने अवैध दवा और प्रयुक्त ईको कार जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
#SpasTrascenPlus #NDPSAct #UdaipurTimes