Banswara: क्षेत्रीय वन अधिकारी और वनपाल रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

नर्सरी सुधार और अन्य मरम्मत कार्यों के बिल पास करने के एवज़ में मांगी रिश्वत 

 | 
Banswara ACB arrest forest official

बांसवाड़ा 23 अगस्त 2025 । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रथम शांति लाल चावला और वनपाल लाडजी गरासिया को 20,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ACB अधिकारियों ने बताया कि शिकायत मिली थी कि परिवादी की फर्म द्वारा वन रेंज में नर्सरी सुधार और अन्य मरम्मत कार्यों के बिल पास करने के लिए 15% कमीशन के रूप में कुल 80,000 रुपये की मांग की जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के बाद यह पाया गया कि वनपाल लाडजी गरासिया ने बिलों का भुगतान करने से पहले अग्रिम रिश्वत राशि 20,000 रुपये क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रथम शांति लाल चावला के लिए लेने पर सहमति जताई थी।

इसके बाद ACB बांसवाड़ा इकाई ने उदयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक प्रहलाद सिंह कृष्णिया के सुपरवीजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा के नेतृत्व में टीम बनाकर ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान लाडजी गरासिया को 20,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया और शांति लाल चावला को भी इस लेन-देन में संलिप्तता पाए जाने पर गिरफ्तार कर लिया गया।

ACB ने दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। शांति लाल चावला के उदयपुर स्थित निवास और डूंगरा वन रेंज के आवास सहित लाडजी गरासिया के डूंगरा वन रेंज परिसर स्थित आवास की तलाशी भी जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

#Banswara #ACB #AntiCorruption #RajasthanNews #UdaipurRange #ForestDepartment #CorruptionCase #BreakingNews #BribeCase #ACBTrap