सायरा में भालुओं का तीन दिन में दूसरा बड़ा हमला

किसान गंभीर घायल
 | 
Bear Attack

उदयपुर 9 मार्च 2026। ज़िले के सायरा थाना क्षेत्र में जंगली भालुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह एक किसान भालुओं के हमले का शिकार हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार सायरा क्षेत्र के करदा के नोतल की भागल गांव निवासी किसान पेमाराम गमेती रविवार सुबह करीब 7 बजे अपने खेत पर फसल की रखवाली के लिए जा रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से निकले तीन जंगली भालुओं के झुंड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। भालुओं ने किसान के सिर, चेहरे और पैरों पर बुरी तरह हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

किसान की चीख-पुकार सुनकर पास ही मौजूद भेरूलाल सुथार मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर भालुओं को भगाने का प्रयास किया, जिसके बाद तीनों भालू जंगल की ओर भाग गए। मौके पर मौजूद हिम्मत सिंह राजपूत ने घायल पेमाराम को तुरंत गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल रेफर कर दिया।

सूचना पर सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही वन विभाग के अधिकारी भरत मेघवाल ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और ग्रामीणों को फिलहाल जंगल या खेतों में अकेले नहीं जाने की सलाह दी।

गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार रात रोयड़ा गांव में भी भालुओं के झुंड ने प्रेम सिंह राजपूत पर हमला कर दिया था। यह क्षेत्र कुंभलगढ़ अभयारण्य से सटा हुआ होने के कारण जंगली भालू अक्सर आबादी क्षेत्र में आ जाते हैं। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोगों ने वन विभाग से जल्द प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। 

#UdaipurNews #Saira #UdaipurRural #RajasthanNews #BearAttack #WildlifeConflict #Kumbhalgarh #UdaipurBreaking #RajasthanForest #RuralIndia #UdaipurLocalNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News