Bhilwara: पोते ने चिमटे से पीट-पीटकर की दादी की हत्या

4 घंटे बाद आरोपी गिरफ्तार

 | 
bhilwara

भीलवाड़ा 29 सितंबर 2025। ज़िले के पारोली थाना क्षेत्र के बागड़ा गांव में रविवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां 60 वर्षीय महिला की उसके पोते ने पूजा में इस्तेमाल होने वाले लोहे के चिमटे से हमला कर हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी लालाराम (28)  गांव के धार्मिक स्थल पर भोपा के रूप में सेवा करता था। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे वह पूजा में उपयोग होने वाला बड़ा चिमटा लेकर आया और अपनी दादी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। महिला के सिर में गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़ी। परिजन उसे गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी प्रभाती लाल मीणा ने बताया, “आरोपी लालाराम ने घर पर ही अपनी दादी पर लोहे के चिमटे से हमला किया। घटना के बाद वह भागकर मक्के के खेत में छिप गया था। करीब चार घंटे की तलाशी के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और घटना में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया। मामले की जांच जारी है।”

मृतका के बेटे कान्हा, जो घटना का प्रत्यक्षदर्शी था, ने कहा, “मेरी मां अजी देवी घर में चूल्हे पर खाना बना रही थी। तभी मेरा भतीजा लालाराम पूजा में इस्तेमाल होने वाला बड़ा चिमटा लेकर आया और मां के सिर पर कई वार किए। मैंने रोकने की कोशिश की, लेकिन वह हमला करता रहा। हम मां को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।”

पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम करवाया है।