सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली बनी जानलेवा, भीलवाड़ा सदर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह का निधन

 | 
Bhilwara CI Lokpal Singh Death

 

Udaipur Times, Bhilwara News: सदर थाना प्रभारी CI लोकपाल सिंह (38) की बुधवार सुबह उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार शाम अपने घर पर नाकाबंदी ड्यूटी के लिए वर्दी पहनते समय उनकी सर्विस रिवॉल्वर से अचानक गोली चल गई थी। गोली उनकी कनपटी में लगी और सिर के आर-पार निकल गई थी।

घटना के बाद गंभीर हालत में CI लोकपाल सिंह को पहले भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल और फिर रामस्नेही अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर भीलवाड़ा SP सागर राणा के निर्देश पर मंगलवार देर रात करीब 1 बजे भीलवाड़ा से उदयपुर तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। करीब 157 किलोमीटर लंबे मार्ग पर ट्रैफिक को खाली कराया गया और रास्ते में आने वाले थाना क्षेत्रों की पुलिस ने एंबुलेंस को एस्कॉर्ट करते हुए उदयपुर तक पहुंचाया।

ICU एंबुलेंस से उन्हें करीब 95 मिनट में उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों की सुपर स्पेशलिस्ट टीम ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा। करीब आठ घंटे तक इलाज चलने के बाद बुधवार सुबह करीब 4 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

नाकाबंदी ड्यूटी के लिए निकलने वाले थे

परिजनों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 7 बजे थाना क्षेत्र में स्पेशल नाकाबंदी की ड्यूटी थी। ड्यूटी के लिए रवाना होने से पहले CI लोकपाल सिंह ने अपने सब-इंस्पेक्टर को फोन कर कहा था कि गाड़ी तैयार रखना, मैं आ रहा हूं।

इसके बाद वह घर पर वर्दी पहनने और सर्विस वेपन संभालने लगे। इसी दौरान अचानक रिवॉल्वर से फायर हो गया। गोली उनके सिर में लगी और वह जमीन पर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर घर में मौजूद उनकी पत्नी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

अजमेर के रहने वाले थे लोकपाल सिंह

CI लोकपाल सिंह मूल रूप से अजमेर जिले के विजयनगर क्षेत्र के नादसी गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में माता-पिता और तीन भाई हैं। उनकी पहली पत्नी से तलाक हो चुका था और करीब दो महीने पहले ही उन्होंने दूसरी शादी की थी।

घटना के बाद भीलवाड़ा और अजमेर पुलिस महकमे में शोक की लहर है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत तकनीकी और फॉरेंसिक जांच कर रही है। अधिकारियों की जांच के बाद ही गोली चलने की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News