भूपालपुरा पुलिस की बड़ी चूक, एसपी ने मांगी रिपोर्ट

नाबालिग को बालिग बताकर तहसीलदार कोर्ट में पेश करने के मामले में एसपी डॉ. अमृता दुहन ने दिए जांच के निर्देश

 | 

उदयपुर 18 मई 2026 -  भूपालपुरा थाना पुलिस द्वारा नाबालिग को बालिग बताकर तहसीलदार कोर्ट में पेश करने के मामले को पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने गंभीरता से लिया है। एसपी ने पूरे मामले की रिपोर्ट तलब करते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।

एसपी डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि पूरे प्रकरण की रिपोर्ट मांगी गई है और यह जांच की जाएगी कि मामले में क्या और क्यों लापरवाही बरती गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार भूपालपुरा थाना पुलिस तीन दिन पहले मारपीट के एक मामले में 16 वर्ष 6 माह के एक नाबालिग लड़के को गिरफ्तार कर उसे बालिग बताते हुए तहसीलदार कोर्ट में पेशी के लिए ले गई थी। पेशी के दौरान वकीलों ने युवक का आधार कार्ड मंगवाया, जिसमें उसकी उम्र नाबालिग पाई गई।

इसके बाद तहसीलदार जब्बरसिंह चारण ने पेशी लेने से इनकार कर दिया। मामला सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए। बताया जा रहा है कि पुलिस ने बिना आधार कार्ड जांचे ही युवक की उम्र रिपोर्ट में 18 वर्ष दर्ज कर दी थी।

यदि दस्तावेजों की सही तरीके से जांच की जाती तो यह बड़ी चूक नहीं होती। शुक्रवार रात करीब 8 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में वकीलों, पेशकार और परिजनों के बीच इस मामले को लेकर काफी देर तक बहस और तनाव की स्थिति बनी रही। मामले में भूपालपुरा थानाधिकारी आदर्श कुमार परिहार ने कहा था कि पुलिस ने लड़के और उसके परिजनों से उम्र पूछी थी, जिस पर उन्होंने 18 वर्ष बताई थी।

हालांकि नियमानुसार नाबालिग को गिरफ्तार नहीं किया जाता, बल्कि डिटेन कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाता है। अब इस मामले में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #Bhupalpura #UdaipurPolice #RajasthanPolice #DrAmritaDuhan #CrimeNews #LocalNews #UdaipurUpdates #Rajasthan #TehsildarCourt #JuvenileJustice #BreakingNews #UdaipurCity

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News