राजस्थान में ड्रग माफिया पर बड़ा वार: बारां पुलिस ने 3.92 करोड़ की संपत्ति फ्रीज की
Udaipur Times, Rajasthan News : 2 जून 2026 । मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही बारां पुलिस ने ‘ऑपरेशन वज्र प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात ड्रग तस्कर बिरमचंद लोधा और उसके परिवार की करोड़ों रुपये की अवैध संपत्तियों पर स्थायी रोक लगा दी है। NDPS एक्ट की धारा 68F के तहत की गई इस कार्रवाई में करीब 3 करोड़ 92 लाख 81 हजार 111 रुपये मूल्य की चल-अचल संपत्तियां और बैंकिंग लेनदेन जांच के दायरे में लेकर फ्रीज किए गए हैं। Rajasthan News
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि बारां पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी की कमर तोड़ने और नशा माफियाओं की आर्थिक जड़ों पर चोट करने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन वज्र प्रहार’ शुरू किया है। अभियान का लक्ष्य केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी अवैध कमाई से खड़ी की गई आर्थिक साम्राज्य को भी ध्वस्त करना है।
3.92 करोड़ की अवैध संपत्ति और बैंक ट्रांजेक्शन का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि सारथल थाना क्षेत्र के डोकरी खोह निवासी बिरमचंद लोधा, उसकी पत्नी फूलाबाई, भाई राहुल लोधा और उसकी पत्नी भावना ने मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित काली कमाई को विभिन्न संपत्तियों में निवेश किया था। इनकी फ्रीज की गई कुल संपत्ति और बैंक खातों में हुए लेनदेन की कुल राशि 3,92,81,111 रुपये है। Rajasthan News
पुलिस ने अचल संपत्ति में 2 आलीशान मकान और 5 प्लॉट तथा चल संपत्ति में 2 कारें (मारुति व ईको) और 1 मोटरसाइकिल फ्रीज की गई है। इन वाहनों और संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 1,60,26,526 रुपये है। तस्कर और उसके परिजनों के खातों के विश्लेषण से पता चला कि विगत 1 वर्ष में ही इनके खातों में 2,32,54,585 रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है, जिसका कोई वैध स्रोत नहीं पाया गया।
सक्षम प्राधिकारी नई दिल्ली से मिली विधिक मंजूरी
सारथल पुलिस ने तस्कर बिरमचन्द लोधा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F के तहत एक परिवाद सक्षम प्राधिकारी नई दिल्ली में पेश किया था। न्यायालय में दो महीने चली सुनवाई के बाद, माननीय न्यायालय ने बारां पुलिस के फ्रीजिंग आदेश को वैध माना। आदेश क्रमांक 1504 दिनांक 16 मई, 2026 के अनुपालन में आज 02 जून 2026 को जिला कलेक्टर बारां के निर्देश पर ग्राम सचिव दिगोद जागीर और सारथल पुलिस ने मौके पर जाकर संपत्ति को फ्रीज करने की कार्यवाही संपादित की।
तस्कर का आपराधिक रिकॉर्ड और पूर्व की जब्ती
अभियुक्त बिरमचन्द लोधा के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के कुल 03 गंभीर प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें से एक कमर्शियल मात्रा का है। पूर्व की कार्यवाहियों में पुलिस इसके कब्जे से 250 किलो डोडा चूरा जब्त कर चुकी है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 10 लाख रुपये है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक बलेनो कार (कीमत 8 लाख) को भी पूर्व में जब्त किया जा चुका है। Rajasthan News
अब ना बेच सकेंगे, ना उपयोग कर सकेंगे संपत्तियां
सक्षम प्राधिकारी नई दिल्ली द्वारा आदेश को अनुमोदित किए जाने के बाद आरोपी और उसके परिजन अब इन संपत्तियों का उपयोग, विक्रय या हस्तांतरण नहीं कर सकेंगे। पुलिस का मानना है कि यह कार्रवाई नशा तस्करों के लिए कड़ा संदेश है कि अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति अंततः कानून के शिकंजे में आती है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने कहा कि बारां पुलिस भविष्य में भी मादक पदार्थ तस्करों और उनके सहयोगियों की अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रखेगी। उनका कहना है कि नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए आर्थिक कार्रवाई सबसे प्रभावी हथियार साबित हो रही है। Rajasthan News
विशेष टीम की भूमिका
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं थाना सारथल की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में पुलिस निरीक्षक विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, थानाधिकारी सारथल धर्मपाल सिंह, सहायक उप निरीक्षक विमलेश मेहता, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कांस्टेबल रमेश कुमार (उत्कृष्ट भूमिका), कमलेश कुमार और जितेन्द्र का विशेष योगदान रहा।
