उदयपुर में बाइक चोरी की वारदात CCTV में कैद
उदयपुर 28 अक्टूबर 2025। शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की वारदात CCTV कैमरे में कैद हुई है। CCTV फुटेज में एक नकाबपोश बदमाश सिर्फ 15 सेकंड में बाइक का लॉक तोड़कर उसे चोरी करता हुआ दिखाई दे रहा है। यह घटना दो दिन पहले न्यू भूपालपुरा स्थित राम वाटिका के पास की है, जहां पीड़ित चिराग श्रीमाली की बाइक घर के बाहर खड़ी थी।
चिराग ने बताया कि वह रात नौ बजे अपने दोस्तों के साथ मूवी देखने गया था और जब रात करीब एक बजे लौटा तो बाइक गायब मिली। आसपास तलाश करने पर भी बाइक नहीं मिली। मकान मालिक की मदद से CCTV फुटेज देखने पर चोरी का खुलासा हुआ।
चिराग के अनुसार, चोरी उसके लौटने से करीब 15 मिनट पहले हुई थी। वह राजसमंद के हल्दीघाटी का निवासी है और उदयपुर में बीए की पढ़ाई कर रहा है। तीन साल पहले उसने नई बाइक खरीदी थी। घटना की रिपोर्ट सुखेर थाने में दर्ज कराई गई है और पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।