वोटिंग खत्म होने के बाद फलासिया में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या

झाड़ोल विधानसभा के फलासिया में अज्ञात लोगों ने बीजेपी कार्यकर्ता कांतिलाल की पत्थरों से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी

 | 
voting

उदयपुर के फलासिया थाना क्षेत्र में विधानसभा चुनाव की वोटिंग खत्म होने के बाद बीती रात अज्ञात लोगों ने बीजेपी कार्यकर्ता 45 वर्षीय कांतिलाल की पत्थरों से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी। अलसुबह लोगों ने देखा तो उसका शव घर से करीब 300 मीटर दूरी पर एक नाले में पड़ा मिला। मृतक का जबड़ा सहित पूरा मुंह कुचला हुआ था और कपड़े खून से सने हुए थे। ऐसे में चुनावी रंजिश के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है।

इधर, घटना का पता लगने पर पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह फलासिया थानाधिकारी करनाराम जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम भी घटना स्थल पर साक्ष्य जुटाने पहुंची। 

सूचना पर झाड़ोल-कोटड़ा से भाजपा विधायक बाबूलाल खराड़ी, फलासिया भाजपा मंडल अध्यक्ष भोपालसिंह शक्तावत, सोम सरपंच विनोद कुमार पारगी, पूर्व सरपंच हिंदुलाल कसोटा, फलासिया उपसरपंच रमेश पटेल, सिगरी सरपंच बाबूलाल खराड़ी, फलासिया पूर्व प्रधान सुगना देवी मौके पर पहुंची। भाजपा पदाधिकारियों ने घटना पर गहरा आक्रो​श जताया। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सजा दिलाने की मांग की। 

दिनभर लोगों को वाहन से मतदान केन्द्र तक लाने में जुटा था कार्यकर्ता

फलासिया भाजपा मंडल अध्यक्ष भोपालसिंह शक्तावत ने बताया कि कांतिलाल बीते एक दशक से भाजपा का कर्मठ कार्यकर्ता रहा है। हर बार की तरह इस बार के मतदान में भी उसने लोगों को वोट कराने में काफी मदद की।

वाहन के जरिए लोगों को घर से मतदान केन्द्र तक लाने का काम किया। शायद इसी के चलते किसी ने रंजिशवश उनकी हत्या कर दी। पुलिस को मामले में सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए। कांतिलाल के परिवार में 5 बच्चे हैं जिनमें से एक बेटा और बेटी की शादी हो चुकी है। बेटा अहमदाबाद जॉब करता है जो सूचना पर दोपहर को घर आ गया। 

ऐसा वातावरण लोकतंत्र के लिए खतरा: विधायक खराड़ी 

भाजपा विधायक बाबूलाल खराड़ी ने मामले में कहा कि ये घटना दुर्भायपूर्ण है। कल शांतिपूर्ण मतदान हो गया था। मतदान कराने के बाद रात के समय कांतिलाल अपने घर आ रहा था। तभी किसी व्यक्ति ने पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी। कोई भी राजनीतिक दल हो या किसी भी पार्टी का हो। अगर इस तरह का वातारण बनता है तो ये लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News