राजसमंद 29 मई 2025। ज़िले के रेलमगरा थाना क्षेत्र में आज सुबह जमीन विवाद को लेकर दो परिवारों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस हमले में एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, वहीं परिवार की अन्य महिलाओं के साथ छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित आदिति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आज सुबह करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच वह, उसकी भाभी शांता देवी, माता मोहनी बाई और भाई अपने खेत पर गायों को चारा डाल रहे थे। उसी दौरान रतन, देउ, नाधु, सुरेश, नानेश, रोशन और बढ़ी हाथों में लाठियां, कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियार लेकर उनकी ओर आए।
पीड़ित परिवार ने बताया कि उन्हें आता देख वे लोग भागने लगे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि नाधु ने उनकी माता मोहनी बाई के बाएं पैर पर कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे उनकी पैर की हड्डी टूट गई। रतन ने भी कुल्हाड़ी से वार किया, जबकि सुरेश, रोशन और देउ ने लाठियों से हमला किया। आरोपियों ने बुजुर्ग महिला को लाठियों और लातों से बुरी तरह पीटा, जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित आदिति ने यह भी आरोप लगाया कि नाधु और रतन ने उनकी माता के निजी अंगों पर भी लाठियों और लातों से वार किया, जिससे सूजन और नील पड़ गई है। नाधु, रतन और बद्री पर उनकी माता के साथ छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया गया है। आदिति ने बताया कि जब उनके भाई प्रकाश ने बचाने की कोशिश की तो उस पर भी कुल्हाड़ी से वार किया गया। आदिति को भी लाठी से मारा गया, जिससे उनके पैरों में सूजन और अंदरूनी चोटें आई हैं।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और उनकी महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने बताया कि आरोपी उन्हें उनकी खातेदारी जमीन पर भी नहीं जाने देते और आज जब वे अपने खसरा नंबर 722 और 724 स्थित खेत पर गए, तो आरोपियों ने उन पर घातक हमला किया।
पीड़ित परिवार ने बताया कि वे सभी भाई-बहन पढ़ाई करते हैं और नौकरी करते हैं, जबकि उनके माता-पिता बुजुर्ग और असहाय हैं। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी, जो संख्या बल में अधिक और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, उनके साथ कहीं भी कुछ भी कर सकते हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने और उन्हें न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal