नाथद्वारा में आधी रात चोरों का खूनी आतंक: बुजुर्ग से मारपीट, हथियारों से घर में घुसने की कोशिश नाकाम
Udaipur Times, Rajsamand/Nathdwara News: नाथद्वारा क्षेत्र में एक बार फिर चोरों का आतंक देखने को मिला है। लाल मादड़ी ग्राम पंचायत के राणावतों का गुड़ा में शनिवार देर रात करीब 2 बजे नकाबपोश बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए जमकर उत्पात मचाया। घर के बाहर सो रहे एक बुजुर्ग के साथ मारपीट करने के बाद बदमाशों ने जबरन घर में घुसने का प्रयास किया। हालांकि, घर के मालिक महेंद्र सिंह राणावत की सतर्कता और सूझबूझ के चलते चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने घर के मुख्य दरवाजे और खिड़कियों पर धारदार हथियारों से लगातार वार किए। हमले की तीव्रता इतनी थी कि खिड़कियों के कांच तक टूट गए, लेकिन परिवार के सदस्यों ने हिम्मत नहीं हारी और चोरों को घर के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया।
इस दौरान महेंद्र सिंह राणावत की बदमाशों से आमने-सामने भिड़ंत भी हुई। उन्होंने तत्काल पड़ोसियों को फोन कर मदद के लिए बुलाया। ग्रामीणों के जागने और आसपास हलचल बढ़ने पर बदमाश बौखला गए और घर पर पत्थरबाजी करते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद महेंद्र सिंह राणावत ने ग्रामीण थाना, नाथद्वारा में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी बदमाश नकाब पहने हुए थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। यही वजह है कि पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में भी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और नकाबपोश बदमाशों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
बड़ा सवाल: आखिर नाथद्वारा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी और लूट की वारदातों पर लगाम कब लगेगी? ग्रामीण अब पुलिस की सख्त कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग कर रहे हैं।
