30 करोड़ फिल्म निर्माण धोखाधड़ी केस में बॉलीवुड दम्पति को मिली राहत
गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने दोनों को नियमित जमानत दे दी
उदयपुर 19 फ़रवरी 2026। फिल्म बनाने के नाम पर 30 करोड़ रुपए की कथित धोखाधड़ी के मामले में बॉलीवुड निर्देशक और उनकी पत्नी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने दोनों को नियमित जमानत दे दी। इससे पहले 13 फरवरी को फ़िल्मकार की पत्नी को अंतरिम जमानत मिली थी और वह जेल से बाहर आ चुकी थीं। फिल्मकार के भी उदयपुर जेल से रिहा होने की संभावना जताई गई है। उन्हें 7 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था।
बॉलीवुड दम्पति के वकील एडवोकेट कमलेश दवे ने बताया की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने मामले को आपसी समझौते से सुलझाने का सुझाव दिया। कोर्ट ने दोनों पक्षों को मेडिएशन सेल में जाने के निर्देश देते हुए कहा कि यह एक प्रकार का व्यावसायिक विवाद (Commercial Dispute) प्रतीत होता है और इसे आपसी सहमति से सुलझाने का प्रयास किया जाना चाहिए। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि मामले को बेवजह मुंबई ट्रांसफर करने के लिए मजबूर न किया जाए। कमलेश दवे ने दलील दी कि फिल्म और प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकांश वेंडर और संबंधित लोग मुंबई के निवासी हैं। कानूनी पहलुओं पर विचार करते हुए कोर्ट ने जमानत याचिका स्वीकार कर ली।
दवे ने बताया की इससे पहले 7 दिसंबर को उदयपुर डीएसपी छगन राजपुरोहित के नेतृत्व में छह सदस्यीय टीम मुंबई पहुंची थी और जुहू स्थित गंगाभवन कॉम्प्लेक्स के फ्लैट से आरोपी और उनकी पत्नी को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दौरान सुरक्षा गार्डों ने पुलिस को रोकने की कोशिश की और बताया कि दोनों घर पर नहीं हैं, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया।
मामला उदयपुर के IVF ग्रुप ऑफ कंपनीज के मालिक द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर से जुड़ा है। 17 नवंबर को उदयपुर में दर्ज शिकायत में आठ लोगों पर 30 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया। पीड़ित का कहना है कि एक कार्यक्रम में उनकी मुलाकात उदयपुर निवासी आरोपी से हुई, जिन्होंने उनकी पत्नी की बायोपिक बनाने का प्रस्ताव दिया। 24 अप्रैल 2024 को उन्हें मुंबई के वृंदावन स्टूडियो बुलाया गया, जहां फिल्मकार से मुलाकात कर फिल्म निर्माण को लेकर चर्चा हुई।
शिकायत के अनुसार बाद में आरोपियों ने अतिरिक्त 7 करोड़ रुपए निवेश करने पर 47 करोड़ रुपए के बजट में चार फिल्में बनाने और रिलीज के बाद 100 से 200 करोड़ रुपए तक मुनाफे का दावा किया। इसके बाद विभिन्न खातों में 77 लाख 86 हजार 979 रुपए ट्रांसफर करवाए गए।
यह मामला लंबे समय से चर्चा में है और इसकी गूंज राजस्थान विधानसभा तक पहुंच चुकी है। छबड़ा विधायक प्रताप सिंह सिंघवी ने भी इस मुद्दे को सदन में उठाया था। मामले की जांच जारी है।
#BollywoodNews #SupremeCourt #FraudCase #FilmIndustry #BollywoodDirector #LegalNews #CourtUpdate #IndiaNews #Udaipur #RajasthanNews #UdaipurNews #BreakingNews #CrimeNews #EntertainmentNews
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
