तीन साल से फरार लूटेरी दुल्हन गिरफ्तार

अपने पिता की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर घर से चली गई आरोपी महिला 

 | 
No bail to the women involved in honey-trap

उदयपुर, 12 जुलाई 2025 - झाड़ोल थाना पुलिस ने वर्ष 2022 में शादी का झांसा देकर लाखों रुपये हड़पने वाली फरार आरोपित दुल्हन को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी महिला तीन वर्षों से फरार चल रही थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी कमलेश टेलर निवासी फलासिया ने 6 अगस्त 2023 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि फरवरी 2022 में उसे जानवी नामक युवती से शादी का प्रस्ताव मिला था। यह प्रस्ताव जानवी की परिचित लक्ष्मी देवी द्वारा भेजा गया था। बातचीत के बाद 22 फरवरी 2022 को झाड़ोल में जानवी से मुलाकात हुई और वहीं से शादी की प्रक्रिया शुरू हुई। शादी की रस्में पूरी करने के बाद जानवी को कमलेश के घर फलासिया भेजा गया। इस दौरान हिम्मतकुमार, लक्ष्मी देवी और अन्य लोगों ने कमलेश से 3 लाख 10 हजार रुपये लिए।

कुछ दिन बाद, 3 मार्च 2022 को जानवी अपने पिता की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर घर से चली गई और जाते समय सोने की नथ, पायल की जोड़ी और मोबाइल भी अपने साथ ले गई। इसके बाद वह कभी वापस नहीं लौटी।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि जानवी और उसके साथियों ने मिलकर छलपूर्वक शादी का नाटक कर उससे रुपये ठगे। पुलिस ने इस मामले में IPC की धारा 420 और 406 के तहत प्रकरण दर्ज किया। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर फरार आरोपियों की तलाश के लिए अभियान चलाया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल और वृताधिकारी झाड़ोल नेत्रपाल सिंह के निर्देशन में थानाधिकारी फेलीराम मीणा की टीम ने आरोपी जानवी जयश सोलके को गुजरात के सूरत से डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। जानवी महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले की निवासी है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और पुलिस अग्रिम अनुसंधान में जुटी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News