उदयपुर में जीजा का अपहरण कर हत्या की
उदयपुर 29 अप्रैल 2026। ज़िले के ओगणा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां साले ने अपने साथियों के साथ मिलकर जीजा का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी को अपनी बहन की मौत का शक जीजा पर था और इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया।
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे चोखला बारा गांव की है। मृतक पिंटू लाल को उसके साले करण और कुछ साथी घर से जबरन उठाकर ले गए। इसके बाद उसे अंबावी (उपरेटा) के जंगल में ले जाकर पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई।
ग्रामीणों ने पुलिस को किडनैपिंग की सूचना दी, जिसके बाद ओगणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पिंटू की तलाश शुरू की। पुलिस जब जंगल पहुंची, उससे पहले ही आरोपियों ने वारदात को अंजाम दे दिया था। पुलिस को जंगल में पिंटू का शव मिला, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। मौके पर डीएसपी विवेक सिंह राव पहुंचे और स्थिति संभाली। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी पारू की तबीयत खराब होने पर 24 अप्रैल को उसे अस्पताल ले जाया गया था। हालत गंभीर होने पर उदयपुर रेफर किया गया, जहां 27 अप्रैल की रात उसकी मौत हो गई। इसके बाद पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को पीहर पक्ष के लोगों ने मृतक के घर पर तोड़फोड़ भी की थी। बुधवार सुबह मृतका के भाई करण ने साथियों संग मिलकर पिंटू का अपहरण कर लिया और बाद में उसकी हत्या कर दी।
मृतक पिंटू अपने परिवार का सबसे बड़ा सदस्य था। माता-पिता की मौत के बाद वह मजदूरी कर अपने छोटे भाई-बहनों की जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसके परिवार में 14 और 16 साल की दो बहनें तथा 5 साल का छोटा भाई है, जिनका सहारा अब छिन गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।
#Udaipur #RajasthanCrime #UdaipurNews #CrimeInIndia #BreakingNews #Ogna #RajasthanNews #LocalNews #IndiaCrime #UdaipurCrime #Justice #PoliceInvestigation #VillageCrime #RajasthanPolice
