भाभी की हत्या करने वाला देवर गिरफ्तार

दो दिन पहले गला घोंटकर की थी हत्या, प्रतापनगर थाना पुलिस ने पकड़ा

 | 
Pratapnagar Police Station Udaipur

उदयपुर 27 जनवरी 2024 । शहर की प्रतापनगर थाना पुलिस ने महिला की हत्या करने वाले आरोपी ललित मेघवाल पुत्र शंकरलाल निवासी कुराबड़ हाल किराएदार खेमपुरा को गिरफ्तार किया है। 

थानाधिकारी हिमांशुसिंह राजावत ने बताया कि प्रार्थी अनिल कुमार पिता भंवरलाल ने शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें बताया था कि उसकी शादी करीब 3 साल पहले देवी मेघवाल से हुई थी। वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ खेमपुरा में किराए के मकान में रहता है। 25 जनवरी को जब वह अपने साले के साथ काम पर चला गया था। तब दिन में करीब 1 बजे उसके बड़े पापा का लड़का ललित आया और उसे फोन कर बताया कि देवी भाभी मेरे घर पर आई थी। उनकी तबीयत बिगड़ गई है, तुम बड़े हॉस्पिटल आ जाओ। 

प्रार्थी जब हॉस्पिटल पहुंचा तो पता लगा कि पत्नी देवी के शव को मोर्चरी में ले जाया गया। शव देखकर पता लगा कि उसके गाल पर चोट के निशान थे। नाक से खून बह रहा था और गले में दुपट्टा बंधा था। जिसे देखकर लगा कि उसकी हत्या कर दी गई है। इसके बाद पुलिस में रिपोर्ट दी गई। 

इधर पुलिस ने जांच करते हुए पाया कि मृतका का शव आरोपी ललित के किराए के कमरे में मिला था। जिसके बाद पुलिस ने जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आगे मामले की जांच में जुटी है।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News