गुलाबबाग रोड स्थित कैमरा शॉप "स्नैप एंड विजन" में बड़ी सेंधमारी
लाखों के कैमरे और उपकरण चोरी
उदयपुर 23 जुलाई 2025। शहर के गुलाबबाग रोड पर स्थित नामी कैमरा शोरूम "स्नैप एंड विजन" में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इस वारदात में चोर लाखों रुपये के महंगे कैमरे और कैमरा से जुड़े उपकरण चुराकर फरार हो गए।
सूत्रों के अनुसार, चोरों ने सीधे दुकान में घुसने के बजाय पहले पास की एक दुकान "कृष्णा इंजीनियरिंग वर्क्स" में सेंध लगाई और फिर वहां से दीवार में छेद करते हुए "स्नैप एंड विजन" तक पहुंच गए। छेद के रास्ते अंदर घुसे चोरों ने बड़ी सफाई से महंगे कैमरे, लेन्स, ट्राइपॉड और अन्य कीमती डिजिटल उपकरण समेट लिए।

दुकानदार के अनुसार चोरी का पता सुबह दुकान खोलने पर चला। दुकान के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और कई महत्वपूर्ण ब्रांड्स के कैमरे और ऐक्सेसरीज़ गायब मिले।
फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्य खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि चोरों ने पहले से पूरी योजना बनाकर यह वारदात की।
इस घटना ने शहर के व्यापारियों में दहशत का माहौल बना दिया है, खासकर टेक्नोलॉजी और इलेक्ट्रॉनिक दुकानों के मालिक अब अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
