तालाब में कूदने वाले चोरी के आरोपी गिरफ्तार

कार के शीशे तोड़कर चोरी करने का किया था प्रयास
 | 

उदयपुर 22 जनवरी 2026। ज़िले के गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में कार चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार के शीशे तोड़कर चोरी करने का प्रयास करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद पुलिस वाहन द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी जोगी तालाब में कूद गए थे, हालांकि बाद में पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री गोपाल स्वरूप मेवाड़ा एवं वृत्ताधिकारी वृत्त गिर्वा गोपाल चंदेल के सुपरविजन में थानाधिकारी गोवर्धनविलास के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। मामला प्रकरण संख्या 33/26 धारा 125(1), 324(4), 303(2), 62 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।

घटना 21 जनवरी 2026 की रात की है। प्रार्थी लक्ष्मण राम, निवासी जोगी तालाब क्षेत्र, ने रिपोर्ट दी कि रात करीब 3:30 बजे उनके घर के बाहर खड़ी कार के आसपास तेज आवाजें सुनाई दीं। बाहर देखने पर एक सिल्वर रंग की कार में सवार बदमाशों द्वारा कई बार चक्कर काटकर सामने खड़ी कार का लॉक खोलने का प्रयास किया गया। शोर मचने और लोगों के जागने पर बदमाशों ने पत्थर और बोतलें फेंककर हमला किया तथा कार का शीशा तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस द्वारा पीछा करने पर आरोपी कार लेकर जोगी तालाब की ओर भागे। रास्ते में कार का टायर फटने से वाहन को छोड़कर तीनों आरोपी तालाब में कूद गए। बाद में पुलिस टीम ने एसडीआरएफ की मदद से तलाश की और सूचना तंत्र के आधार पर तीनों आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने शराब के नशे में कार चोरी की नीयत से वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों में ईश्वर सिंह निवासी जावद फला लक्ष्मावत सलूंबर महेंद्र सिंह निवासी सललाडा अम्बावातपुरा सलूंबर, संदीप कुमार निवासी नाटास गोडजी झुंझुनूं शामिल हैं।