पूर्व CM के करीबी कांग्रेस नेता की फर्म पर CGST का छापा
उदयपुर 31 जनवरी 2026 । पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी माने जाने वाले कांग्रेस नेता की फर्म पर केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर विभाग की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। उदयपुर–चितौड़गढ़ हाईवे पर डबोक क्षेत्र स्थित कार्यालय में सीजीएसटी विभाग की टीम ने लगातार दूसरे दिन पहुंचकर दस्तावेजों की गहन जांच की और कर्मचारियों व संबंधित लोगों से पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर को सीजीएसटी की टीम डबोक स्थित कार्यालय पहुंची, जहां वित्तीय लेन-देन, टैक्स रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के दौरान कई अहम कागजात जब्त किए जाने की भी सूचना है। हालांकि विभाग की ओर से अब तक आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कांग्रेसी नेता पर जांच एजेंसियों की कार्रवाई हो चुकी है। दिसंबर 2024 में प्रवर्तन निदेशालय ने डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा स्थित उनके घर और ऑफिस पर छापेमारी की थी। वहीं 13 अक्टूबर 2023 को भी ईडी की टीम ने सागवाड़ा कार्यालय में तलाशी ली थी। उस समय पेपर लीक प्रकरण से नाम जुड़ने के बाद कार्रवाई की गई थी।
वर्तमान में सीजीएसटी की इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर जारी है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
