मंदिर से लौट रही महिला बनी चेन स्नेचिंग की शिकार

स्कूटी गिरने से बाल-बाल बची

 | 
savina Police station

उदयपुर 27 सितंबर 2025। सवीना थाना क्षेत्र में शनिवार को चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई। मंदिर से लौट रही महिला को बाइक सवार बदमाश ने निशाना बनाया और गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। अचानक हुए इस हादसे में महिला की स्कूटी भी अनियंत्रित होकर गिर गई, हालांकि गनीमत रही कि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई।

जानकारी के अनुसार, सवीना खेड़ा निवासी आशा माली अपनी बेटी के साथ रेती स्टैंड स्थित आवरी माता मंदिर दर्शन करने गई थीं। मंदिर से लौटते समय जैसे ही वह राजपूताना रिसोर्ट के पास पहुंचीं, तभी पीछे से आए अज्ञात बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गया। वारदात इतनी अचानक हुई कि आशा माली स्कूटी पर संतुलन नहीं रख पाईं और गिर गईं।

घटना की सूचना मिलते ही सवीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में नाकाबंदी कर बदमाश की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News