उदयपुर में लगातार चैन स्नैचिंग की वारदातों का खुलासा, दो गिरफ्तार
Udaipur Times, Crime News: 13 जून 2026। उदयपुर शहर में लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की वारदातों का खुलासा करते हुए हिरणमगरी थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल का उपयोग कर शाम के समय वॉक पर निकली महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गले से सोने की चेन छीनने की वारदातों को अंजाम दिया जाता था।
एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर एड़ी एसपी उमेश ओझा तथा नगर पूर्व डिप्टी एसपी जगदीश विश्नोई के सुपरविजन में हिरणमगरी थानाधिकारी रविन्द्र सिंह और गोवर्धनविलास थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने विभिन्न घटनास्थलों का विश्लेषण कर तकनीकी साक्ष्यों, आसूचना संकलन और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से गिरोह का पर्दाफाश किया।
पुलिस ने राहुल (26) निवासी आरके कॉलोनी, हाल देवनारायण चौराहा, 100 फीट रोड, प्रतापनगर, भीलवाड़ा तथा बाबूलाल उर्फ निखिल (24) निवासी मीणा चौक, भीण्डर, को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने हिरणमगरी थाना क्षेत्र के प्रकरण संख्या 208/2026 तथा गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र के प्रकरण संख्या 166/2026 में चेन स्नैचिंग की वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य बदमाशों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राहुल के विरुद्ध भीलवाड़ा जिले के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य चेन स्नैचिंग की घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।
