9 साल बाद चिटफंड कंपनी डायरेक्टर गिरफ्तार

करोड़ों की धोखाधड़ी मामले में सूरजपोल पुलिस ने बैतूल से पकड़कर उदयपुर लाया आरोपी

 | 
Accused Arrested for attacking police team

उदयपुर 26 मई 2026 - सूरजपोल थाना पुलिस ने चिटफंड कंपनी के जरिए करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में नौ साल से फरार चल रहे कंपनी डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मध्यप्रदेश के बैतूल से हिरासत में लेकर उदयपुर लाया गया, जहां अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी लोकेश उर्फ आकाश उर्फ सचिन है, जो प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला है और लंबे समय से फरार चल रहा था।

आरोपी के खिलाफ राजस्थान और मध्यप्रदेश में धोखाधड़ी से जुड़े करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। मामले की जांच जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी सूर्यवीर सिंह राठौड़ के सुपरविजन में की गई। सूरजपोल थाना अधिकारी रतन सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2017 में सागवाड़ा निवासी कलेश कुमार सहित 43 लोगों ने मामला दर्ज कराया था। शिकायत में बताया गया कि संस्कार इंडिया लाइफ लिमिटेड नामक कंपनी ने उदियापोल स्थित कार्यालय में लोगों को अधिक ब्याज और मुनाफे का लालच देकर आरडी और एफडी योजनाओं में निवेश कराया था।

आरोप है कि कंपनी डायरेक्टर लोकेश और उसकी पत्नी पिंटू देवी बंजारा ने लोगों से करोड़ों रुपए जमा करवाने के बाद अचानक कंपनी बंद कर दी और फरार हो गए। मामले में पूर्व में पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी लोकेश और उसकी पत्नी वर्ष 2017 से फरार चल रहे थे। 

#Udaipur #UdaipurNews #UdaipurCrime #RajasthanNews #RajasthanCrime #SurajpolPolice #ChitFundScam #FraudCase #InvestmentFraud #CrimeNews #UdaipurUpdates #MewarNews #BreakingNews #PoliceAction #FinancialFraud

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News