Chittiorgarh:कोटा–चित्तौड़गढ़ हाईवे पर बड़ा हादसा चार की मौत, सात घायल
चित्तौरगढ़ ,8 दिसंबर 2025 - कोटा–चित्तौड़गढ़ हाईवे पर बड़ा हादसा हो गया, जिसमें कार ने सड़क पर मौजूद सात युवकों को कुचल दिया। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि कार सवार चार लोगों सहित कुल सात लोग घायल हैं। सभी घायलों को कोटा, उदयपुर और चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया है। मरने वाले सभी युवक सड़क किनारे घायल दंपति की मदद करने हाईवे पर पहुंचे थे।
बेंगू डीएसपी अंजलि सिंह ने बताया, “रविवार की रात करीब 8 बजे हादसा चित्तौड़गढ़ के बेंगू स्थित माड़ना के पास हुआ था। रॉन्ग साइड से आ रही स्विफ्ट कार ने बाइक को टक्कर मार दी थी।” बाइक सवार दंपति शंभूलाल और उनकी पत्नी काली बाई सड़क पर गिर गए। पास के ढाबे पर मौजूद लोग घायल दंपति की मदद करने पहुंच गए।
इसी दौरान चित्तौड़गढ़ से कोटा की तरफ जा रही ईको कार ने बचाव कार्य में जुटे युवकों को कुचल दिया। इतने में पीछे से आई दूसरी कार ने ईको को टक्कर मारी, जिससे ईको पलट गई। पीछे से टक्कर मारने वाली कार भी डिवाइडर से जा टकराई।
बेंगू थानाधिकारी शिवलाल मीणा ने बताया कि हेमराज गुर्जर (35) निवासी माड़ना और राजेश मीणा (29) निवासी धानमंडी, बूंदी की मौके पर ही मौत हो गई। फोरूलाल गुर्जर (33) निवासी गुलिंडा, बेंगू और सोनू गुर्जर (40) निवासी मोई, मंडलगढ़ ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सभी शवों को बेंगू उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।