Chittorgarh: साइबर ठगी गैंग का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार
बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम निकालकर कमीशन लेने वाला गिरोह बेनकाब, जांच जारी
चित्तौड़गढ़ 18 अप्रैल 2026 - साइबर थाना पुलिस ने “ऑपरेशन म्युल हंटर” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने म्युल अकाउंट के जरिए ठगी की राशि निकालने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खातों में लाखों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ है।एसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत संदिग्ध बैंक खातों की जांच की गई। जांच के दौरान एक एसबीआई बैंक खाते में संदिग्ध लेन-देन पाया गया, जिसके खिलाफ दिल्ली के साइबर थाने में भी शिकायत दर्ज थी। इस खाते में ठगी की राशि 78 हजार रुपये जमा होना सामने आया।
पुलिस टीम ने खाताधारक मुकेश दास वैष्णव निवासी सुरताखेड़ा, थाना आकोला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि मुकेश अपने साथी भगवतीलाल जाट के साथ मिलकर ठगी की रकम को खाते में मंगवाता और चेक के जरिए निकालकर आगे सौंप देता था। इसी तरह लाखों रुपये का लेन-देन किया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुकेश के खाते में करीब 5 लाख 23 हजार रुपये और भगवतीलाल के खाते में करीब 5 लाख 37 हजार रुपये की ठगी राशि जमा हुई थी, जिसे निकालकर अन्य साथियों को कमीशन लेकर दिया गया।
एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन में थानाधिकारी मधु कंवर के नेतृत्व में गठित टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय से रिमांड लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस गहन जांच में जुटी हुई है।
#CyberFraud #CyberCrime #FraudAlert #BreakingNews #IndiaNews #CrimeNews #ScamAlert #DigitalFraud #Chittorgarh #Rajasthan #RajasthanNews #ChittorgarhNews #Udaipur #Akola #RajasthanPolice
