चित्तौड़गढ़ में नकली नोट गिरोह का पर्दाफाश
तीन युवक गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़ 17 सितंबर 2025। कोतवाली थाना पुलिस ने शहर में सक्रिय नकली नोट गैंग का भंडाफोड़ करते हुए तीन युवकों को दबोच लिया है। आरोपी लंबे समय से बाजारों में 500-500 के जाली नोट खपाकर असली रकम इकट्ठा कर रहे थे।
आरोपी खासतौर पर बड़ी सब्जी मंडी और आसपास की दुकानों को निशाना बना रहे थे। वे मामूली खरीदारी करते और बदले में नकली 500 रुपये का नोट थमाकर असली छुट्टे पैसे ले जाते।
महिला सब्जी विक्रेता ने किया भंडाफोड़
मंगलवार रात एक युवक नकली नोट चलाने सब्जी मंडी पहुंचा, जहां एक महिला सब्जी विक्रेता ने उसे पहचान लिया। महिला ने बताया कि यही वही शख्स है जिसने कुछ दिन पहले उसे नकली नोट देकर धोखा दिया था। दुकानदारों ने तुरंत अन्य लोगों को बुलाकर युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
झालावाड़ व कोटा से आए थे आरोपी
तलाशी के दौरान युवक के पास से 500-500 रुपये के करीब 30 नकली नोट बरामद हुए। पूछताछ में उसने कबूला कि उसके साथ दो और साथी भी इस काम में शामिल हैं। पुलिस ने दबिश देकर दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी चित्तौड़गढ़ घूमने के बहाने आए थे, लेकिन उनका असली मकसद बाजारों में जाली नोट खपाना था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आसिफ अली (27) पुत्र नूर मोहम्मद निवासी झालावाड़, आदिल खान (27) पुत्र अब्दुल गफूर खान निवासी सारोला, झालावाड़ और शाहनवाज खान (27) पुत्र मंसूर अहमद निवासी कैथून, कोटा के रूप में हुई है।
होटल से चला रहे थे पूरा खेल
तीनों युवक शहर के एक होटल में ठहरे हुए थे और वहीं से नकली नोट निकालकर मंडियों और दुकानों में घूम रहे थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी छोटे दुकानदारों को ही शिकार बनाते थे, क्योंकि वहां तुरंत पहचान करना मुश्किल होता है।
पुलिस की अपील
थानाधिकारी तुलसीराम प्रजापत ने बताया कि बरामद नोटों की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन युवकों के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है। उन्होंने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध नोट या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
#Chittorgarh #FakeCurrency #CrimeNews #RajasthanNews #PoliceAction #CounterfeitNotes #UdaipurTimes
