चित्तौड़गढ़: अपह्रत युवक को डेढ़ घंटे में पुलिस ने सकुशल छुड़ाया

आमजन ने पुलिस की तत्परता की सराहना की
 | 
Collector Alok Ranjan orders strict action against illegal parking and directs dust control work on Chanderiya Road, Chittorgarh.

चित्तौड़गढ़ 14 फ़रवरी 2026।  शहर के न्यू क्लॉथ मार्केट क्षेत्र से बुधवार रात एक युवक का अपहरण कर लिया गया, जिसे पुलिस ने महज डेढ़ घंटे के भीतर सकुशल छुड़ा लिया। घायल युवक का उपचार जारी है। गुरुवार को पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उस पर रिवॉल्वर तानकर जान से मारने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस की सख्त नाकाबंदी के कारण उसकी जान बच गई।

पीड़ित बोरदा निवासी कालूलाल माली ने बताया कि रिश्तेदारी के एक पुराने विवाद को लेकर कुछ लोग उससे रंजिश रखते हैं। बुधवार शाम वह अपना मोबाइल ठीक करवाने बूंदी रोड स्थित बाजार गया था। तभी आरोपी किशन माली और रतन माली उसकी रेकी करते हुए वहां पहुंचे और सात-आठ अन्य लोगों को बुला लिया।

सभी ने मिलकर उसकी आंख और मुंह में मिर्च डाल दी तथा चाकू दिखाकर स्कॉर्पियो गाड़ी में जबरन बैठाकर उसका अपहरण कर लिया। आरोपियों ने कार में उसका मुंह कपड़े से बांध दिया और अलग-अलग स्थानों पर ले गए। पहले उसे बस्सी रोड की ओर ले जाया गया, फिर सेमलपुरा के पास कच्चे रास्ते पर एक मंदिर के निकट गाड़ी रोकी गई, जहां दो आरोपियों ने उस पर पिस्तौल तान दी।

पीड़ित के अनुसार, आरोपी आपस में फोन पर बातचीत कर उसे मारकर कहीं फेंकने की योजना बना रहे थे। इसी बीच पुलिस की सख्त नाकाबंदी की सूचना मिलते ही आरोपी घबरा गए। उन्होंने अपने हथियार बाइक पर आए अन्य साथियों को सौंप दिए और भागने की कोशिश की।

गंगरार क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर स्कॉर्पियो को पकड़ लिया। कोतवाली, गंगरार, साडास और आसपास के थानों की संयुक्त कार्रवाई में युवक को सुरक्षित छुड़ा लिया गया। चाकू लगने से वह घायल हुआ था, जिसे अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और एक दिन की रिमांड भी प्राप्त की है। कालूलाल ने यह भी बताया कि आरोपी किशन माली पहले भी कुछ लोगों के साथ मिलकर उसका अपहरण करने की कोशिश कर चुका है, लेकिन तब ग्रामीणों ने उसे बचा लिया था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। बाजार क्षेत्र में हुई इस वारदात से लोगों में दहशत फैल गई थी, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से युवक की जान बच गई। गुरुवार को दिनभर इस घटना को लेकर चर्चा होती रही और आमजन ने पुलिस की तत्परता की सराहना की।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News