Chittorgarh News: महिला की ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का खुलासा, रंजिश में की थी हत्या

 | 
Collector Alok Ranjan orders strict action against illegal parking and directs dust control work on Chanderiya Road, Chittorgarh.

 

Udaipur Times, Chittorgarh News: चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा के सदर थाना क्षेत्र के उंखलिया गांव में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शंभूलाल भील ने पुरानी रंजिश के चलते महिला के चेहरे पर सरिये से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी थी।

पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर को मिठूलाल धाकड़ के नोहरे में बने कमरे में रहने वाली लेहरी बाई उर्फ सीता बाई (50) का शव बिस्तर पर मिला था। वह करीब 5-6 महीने पहले मजदूरी के लिए गांव आई थी और नोहरे में अकेली रहती थी। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पुत्रवधू इंद्रा उर्फ गीता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि शंभूलाल भील अक्सर मृतका और पास के कमरे में रहने वाली काली बाई से मिलने आता था। करीब डेढ़ महीने पहले शराब पीकर हंगामा करने पर लेहरी बाई ने नोहरे के मालिक से उसकी शिकायत की थी। पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर आरोपी रंजिश रखे हुए था।

पुलिस ने 1 नवंबर को शंभूलाल को उंखलिया से सरथल रोड की तरफ नदी के पास से पकड़ा। पूछताछ में उसने हत्या करना कबूल किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना वाली रात पीछे की दीवार से नोहरे में घुसा था। पहले वह छत पर पहुंचकर पास के कमरे में रहने वाली महिला के कमरे का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान लेहरी बाई को किसी के छत पर होने का संदेह हुआ और उसने नोहरे के मालिक को फोन कर दिया। मालिक के मौके पर पहुंचने पर आरोपी छिप गया।

बाद में देर रात आरोपी दोबारा मौके पर पहुंचा। कमरे का दरवाजा खुला देखकर उसने सो रही लेहरी बाई के चेहरे पर सरिये से वार कर दिए। हत्या के बाद वह मृतका का मोबाइल फोन बंद कर अपने साथ ले गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मोबाइल भी बरामद कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

थानाधिकारी संजय शर्मा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर एएसपी गजेंद्र सिंह जोधा और वृत्ताधिकारी शिवप्रकाश टेलर के मार्गदर्शन में टीम जुटी रही।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News