Chittorgarh: फर्जी दुल्हन बनकर ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा, 3 आरोपी गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़ में शादी का झांसा देकर ₹2.40 लाख की ठगी
चित्तौड़गढ़ 18 अप्रैल 2026 - ज़िले की कोतवाली थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए फर्जी दुल्हन सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़ित से 2 लाख 40 हजार रुपये की ठगी की थी। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 14 अप्रैल 2026 को हरिसिंह राजपूत निवासी पलासिया, थाना मनासा जिला नीमच (मध्यप्रदेश) ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
उसने बताया कि उसके अविवाहित भाई के लिए व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए रिश्ता तलाशा जा रहा था।
इसी दौरान चित्तौड़गढ़ निवासी रामलाल जाट ने एक लड़की का रिश्ता कराने के नाम पर 2 लाख 40 हजार रुपये लेने की बात कही, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। 13 अप्रैल को तय कार्यक्रम के अनुसार पीड़ित पक्ष चित्तौड़गढ़ पहुंचा, जहां कलेक्ट्रेट परिसर में शादी की लिखापढ़ी करवाई गई। इस दौरान लड़की के पिता बताए गए भैरूसिंह और अन्य आरोपियों ने 2 लाख 40 हजार रुपये ले लिए।
शादी के बाद जब पीड़ित का भाई लड़की को लेकर जोगणिया माता मंदिर दर्शन के लिए गया, तो मौका देखकर युवती एक परिचित युवक के साथ भागने लगी। संदेह होने पर पकड़ने पर वह चिल्लाने लगी और भीड़ इकट्ठी हो गई, जिससे ठगी का मामला सामने आया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन और डीएसपी बृजेश सिंह के सुपरविजन में फर्जी दुल्हन शिल्पी कुमारी जाटव, उसके पति विशाल सुवालका और आरोपी सुरेश सुवालका को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से 43 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में विशाल सुवालका (29), सुरेश सुवालका (31) और शिल्पी कुमारी जाटव (19) शामिल हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
#Chittorgarh #RajasthanNews #CrimeNews #MarriageScam #FakeBride #FraudCase #PoliceAction #IndiaNews #BreakingNews #RajasthanPolice #UdaipurNews #MewarNews #LocalCrime #ScamAlert
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
