Chittorgarh:जब्तशुदा अवैध अफीम, डोडा चूरा और गांजा को पुलिस ने नष्ट किया
तस्करी में जब्त करीब 37 क्विंटल मादक पदार्थ को पुलिस ने जलाकर नष्ट किया
चित्तौड़गढ़, 12 अगस्त। जिले के 8 पुलिस थानों में जब्तशुदा अवैध डोडा चूरा, गांजा और स्मैक को न्यायालय से भौतिक सत्यापन और निर्णय के बाद मंगलवार को पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी की उपस्थिति में जिला औषधि व्ययन समिति द्वारा निम्बाहेड़ा स्थित वंडर सीमेंट वर्क्स की कीलन में जलाकर नष्ट किया गया। पुलिस द्वारा करीब 37 क्विंटल अवैध मादक पदार्थ को नष्ट किया गया।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जिले के पुलिस थानों के मालखाने एनडीपीएस एक्ट में जब्तशुदा मादक पदार्थ और वाहनों से भरे हुए हैं, जिससे अन्य जब्तशुदा माल रखने में समस्या आ रही थी। माल निस्तारण और थानों को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय की कार्य प्रणाली शाखा द्वारा संबंधित थानाधिकारियों से प्रस्ताव प्राप्त कर रिकॉर्ड तैयार किया गया।
कार्यवाही के दौरान पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह, पुलिस निरीक्षक जोधाराम, थानाधिकारी सदर निम्बाहेड़ा संजय शर्मा, संबंधित 8 थानों के थाना प्रभारी, मालखाना प्रभारी, कार्यप्रणाली शाखा प्रभारी एएसआई मनोज कुमार और अन्य कर्मचारियों ने रिकॉर्ड मिलान करने के बाद मादक पदार्थों का वजन किया। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाई गई।
जिले के थाना बेगूं, कोतवाली निम्बाहेड़ा, सदर निम्बाहेड़ा, चंदेरिया, मंगलवाड़, निकुंभ, बिजयपुर और गंगरार में दर्ज कुल 10 प्रकरणों में से 7 प्रकरणों में 36 क्विंटल 61 किलोग्राम 584 ग्राम डोडा चूरा, एक प्रकरण में 1 किलोग्राम 447 ग्राम गांजा और दो प्रकरणों में 4 ग्राम 74 मिलीग्राम स्मैक जब्त की गई थी। इन सभी जब्तशुदा मादक पदार्थों को जिला औषधि व्ययन समिति चित्तौड़गढ़ द्वारा वंडर सीमेंट के अधिकारियों यूनिट हेड नितिन जैन, मुख्य सुरक्षा अधिकारी नगेंद्र सिंह, एडमिन हेड अखिलेश, एएफआर हेड अखिलेश रामदेव और अन्य टीम की उपस्थिति में वंडर सीमेंट प्लांट की कीलन में जलाकर नष्ट किया गया।
