चित्तौड़गढ़ के युवक की जहर खाने से मौत, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के लगाए आरोप
Udaipur Times, Chittorgarh News: चित्तौड़गढ़ शहर मे मां के जेवर और संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद से परेशान एक युवक की जहर खाने से मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि पति 13 दिन से लापता था और लगातार शिकायत के बावजूद कोतवाली पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज नहीं की। युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें उसने अपने दो मामा पर जेवर हड़पने और धमकियां देने के आरोप लगाए थे।
शास्त्री नगर निवासी अनिता उर्फ अन्नू ने बताया कि वह पति नीलेश और सास आशादेवी के साथ रहती हैं। उनके अनुसार, सास के परिजनों ने भीलवाड़ा में एक प्लॉट और करीब 8 तोला सोने के जेवर दिए थे, जिन्हें सास के भाई जगदीश और रमेश राठी ने अमानत के तौर पर अपने पास रख लिया था। जरूरत पड़ने पर जेवर लौटाने की बात कही गई थी। पत्नी का आरोप है कि जेवर वापस मांगने पर दोनों मामा ने नीलेश को धमकियां दीं।
अनिता के अनुसार, 17 सितंबर को नीलेश घर से लापता हो गए। उन्होंने कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए कई बार शिकायत की, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसी दौरान नीलेश ने सोशल मीडिया पर जहर खाने का वीडियो साझा कर अपने मामा पर गंभीर आरोप लगाए और खुद को परेशान बताते हुए जान देने के लिए मजबूर होने की बात कही।
बुधवार 30 सितंबर को नीलेश उदयपुर के सुखेर थाने पहुंचे और पुलिसकर्मियों को बताया कि उन्होंने जहर खा लिया है। पुलिस ने उन्हें तत्काल एमबी अस्पताल पहुंचाया, जहां शाम करीब 6 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन उदयपुर पहुंचे और शव को चित्तौड़गढ़ ले गए।
मृतक की पत्नी ने 28 सितंबर को चित्तौड़गढ़ एसपी कार्यालय में भी परिवाद पेश कर मामले में कार्रवाई की मांग की थी। अब युवक की मौत के बाद परिजनों ने पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।