कोचिंग जा रही छात्रा से छेड़छाड़ के दो आरोपी 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार
सूरजपोल थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई
उदयपुर 25 अप्रैल 2026। शहर की सूरजपोल थाना पुलिस ने दिल्लीगेट के पास राह चलती छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले दो बदमाशों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 23 अप्रैल 2026 को पीड़िता के परिजनों ने रिपोर्ट दी कि उनकी पुत्री कोचिंग से घर लौट रही थी। इसी दौरान कल्याण ज्वेलर्स के पास स्कूटी सवार दो युवकों ने छात्रा से छेड़छाड़ की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और हाथापाई का प्रयास किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा के सुपरविजन में तथा नगर पूर्व वृत्ताधिकारी सूर्यवीर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
सूरजपोल थानाधिकारी रतन सिंह चौहान और उप निरीक्षक दिनेश पाटीदार की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सहयोग से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शालीन मीणा निवासी सेक्टर 14, गोवर्धनविलास और ओमप्रकाश डांगी निवासी लोयरा, बड़गांव के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दबिश के दौरान आरोपी शालीन मीणा पुलिस को देखकर माछला मगरा-दूधतलाई क्षेत्र के जंगलों की ओर भागा, जहां गिरने से उसके पैर में चोट लग गई। आरोपी शालीन मीणा थाना गोवर्धनविलास का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ मारपीट व हत्या के प्रयास सहित 11 मामले दर्ज हैं।
ज़िला पुलिस अधीक्षक ने आमजन, विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि महिला उत्पीड़न, छेड़छाड़, पीछा करने या अभद्र व्यवहार जैसी घटनाओं की सूचना तुरंत महिला हेल्पलाइन 1090 या 100/112 पर दें।
#Udaipur #Rajasthan #UdaipurNews #RajasthanPolice #WomenSafety #CrimeNews #LocalNews #IndiaNews #UdaipurCity #Surajpol #DelhiGateUdaipur #SafetyFirst #BreakingNews
