उदयपुर में कांस्टेबल का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला
Udaipur Times, Crime News: 20 जुलाई 2026। उदयपुर जिले के ओगणा थाना क्षेत्र में एक कांस्टेबल ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान 28 वर्षीय कांस्टेबल मनोज कुमार मीणा के रूप में हुई है, जो पिछले पांच वर्षों से ओगणा थाने में तैनात थे। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार मीणा ने शनिवार को तबीयत खराब होने की बात कहकर छुट्टी मांगी थी। वह ओगणा मुख्य बाजार में किराए के कमरे में रहते थे। रविवार को दिनभर उनसे संपर्क नहीं हो पाया। कई बार फोन करने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं होने पर पुलिसकर्मी उनके कमरे पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से झांकने पर कांस्टेबल का शव फंदे से लटका दिखाई दिया। इसके बाद दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया और झाड़ोल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
एएसआई नारायण लाल ने बताया, "शनिवार को कांस्टेबल मनोज ने बताया था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए उन्हें नाइट में आराम दिया गया था। रविवार सुबह करीब 7 बजे एक जवान ने उनकी तबीयत पूछने और ड्यूटी के बारे में बात करने के लिए फोन किया था। तब भी उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। दोपहर और शाम तक कई बार कॉल किए गए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब पुलिस टीम कमरे पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर मनोज फंदे पर लटके मिले। इसके बाद दरवाजा तोड़कर उन्हें नीचे उतारा गया और अस्पताल पहुंचाया गया।"
पुलिस के अनुसार, मनोज कुमार मीणा की हाल ही में उदयपुर शहर में शिक्षक भर्ती परीक्षा और रथयात्रा ड्यूटी लगी थी। दो दिन पहले ही वह वापस ओगणा थाना लौटे थे। उनकी शादी करीब दो महीने पहले हुई थी, जबकि उनकी पत्नी गांव में रहती हैं। मामले की जांच जारी है।
