Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर के सविना थाना क्षेत्र के धोल की पाटी स्थित खेड़ा देवी में युवक अर्जुन लौहार की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक बाल अपचारी को डिटेन किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि सिगरेट दिलाने की बात पर हुए विवाद की रंजिश के चलते युवक की हत्या की गई थी।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 की शाम करीब 8:30 बजे अर्जुन लौहार का ओंकार लाल लौहार, उसके बेटों और साथियों के साथ रास्ते में विवाद हुआ था। समझाइश के बाद मामला शांत हो गया, लेकिन रात करीब 10:25 बजे आरोपी कथित तौर पर एकराय होकर अर्जुन के घर में घुस आए और लकड़ी के लट्ठों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से अर्जुन लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी संसाधनों की मदद से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को डिटेन किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में ओंकार लाल (51), अर्जुन (21), दिनेश (30), लोकेश (24) और राहुल (18) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, ओंकार लाल, लोकेश और दिनेश को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि राहुल और अर्जुन को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। बाल अपचारी को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।